दुनियां का सबसे बड़ा समुद्री जहाज
आज के समय में 'सिंफनी ऑफ द सीज' विश्व का सबसे बड़ा समुद्री जहाज है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस जहाज की कीमत 8711 करोड़ रुपये है। इसमें दुनियाभर की तमाम सुविधाएं मौजूद हैं, जिसके बारे में जानकर आपका दिल खुश हो जाएगा।
दुनिया के सबसे बड़े समुद्री जहाज की लंबाई किसी फुटबॉल मैदान से भी ज्यादा है। दो लाख 30 हजार टन वजनी इस जहाज की चौड़ाई 215.5 फीट है जबकि लंबाई 1188 फीट है। इसकी रफ्तार 40.74 किलोमीटर प्रति घंटा है।
इस जहाज पर बच्चों के लिए वॉटर पार्क बनाए गए हैं। इसके अलावा जहाज पर 10 मंजिला स्लाइडिंग भी तैयार कराई गई है। जहाज के बीचों-बीच सेंट्रल पार्क और इसके एक हिस्से से दूसरे हिस्से पर जाने के लिए बोर्डवॉक बनाया गया है। इसके अलावा जहाज के रॉयल हिस्से पर सैर-सपाटे के लिए खास किनारे भी हैं।
इस समुद्री जहाज में कुल 2,759 लग्जरी कमरे हैं। इसकी दो मंजिलों पर सिर्फ हाईक्लास फैमिली सुइट बनाए गए हैं। मेहमानों के आने-जाने के लिए जहाज पर लिफ्ट की भी व्यवस्था है, जिसकी संख्या 24 है।
टाइटैनिक जहाज के बारे में तो आपने सुना होगा। यह कभी दुनिया का सबसे बड़ा समुद्री जहाज हुआ करता था,
टाइटैनिक भी समुद्र पर राज करने निकला था
आज से करीब 106 साल पहले टाइटैनिक नाम का एक क्रूज समुद्र की लहरों पर राज करने निकला था। 15 अप्रैल 1912 की उस काली रात को अटलांटिक सागर के सीने को चीरता हुआ टाइटैनिक न्यूयॉर्क की ओर बढ़ रहा था। लेकिन रात करीब 11.40 बजे वह एक आइसबर्ग से टकरा गया। रात के 2.20 बजे टाइटैनिक पूरी तरह से डूब गया। कुछ लोगों के लिए यह उनके जीवन की अंतिम घड़ियां थीं। कुछ ही किस्मत वाले अगले दिन का सूरज देख पाए।
टाइटैनिक की कुछ खास बातें
टाइटैनिक उस वक्त का सबसे बड़ा और लग्जुरियस समुद्री जहाज था। उस पर 2200 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। टाइटैनिक समुद्र में चलता-फिरता एक पूरा शहर था और लोगों का तो यहां तक मानना था कि यह कभी नहीं डूबेगा, लेकिन विडंबना देखिए यह अपनी पहली यात्रा भी पूरी नहीं कर पाया।
टाइटैनिक की लंबाई 883 फीट थी और यह 16 कंपार्टमेंट में बंटा हुआ था। माना जाता था कि यह कंपार्टमेंट वाटर टाइट हैं और इनमें पानी नहीं घुस सकता। टाइटैनिक में सफर करने वाले करीब 700 लोग ही बच पाए थे, जिनमें से ज्यादातर महिलाएं और बच्चे थे। बाकी 1500 लोगों की अटलांटिक सागर में डूबने से मौत हो गई थी।
1985 में समुद्र के अंदर खोजा गया टाइटैनिक
टाइटैनिक के डूबने के करीब एक घंटे 20 मिनट बाद कारपैथिया नाम का एक अन्य जहाज यहां से गुजरा, जिसने नावों पर सवार टाइटैनिक से बचे यात्रियों को सुरक्षित जमीन तक पहुंचाया। 1 सितंबर 1985 को अमेरिका और फ्रांस के एक एक्सपेडिशन ने 13000 फीट की गहराई में टाइटैनिक के अवशेष खोज निकाले थे।




0 Comments